AAP सांसद संजय सिंह को मानसूत्र सत्र की शेष अवधि के लिए किया गया सस्पेंड

नई दिल्ली। मणिपुर मुद्दे पर सदन में विपक्ष के विरोध के दौरान राज्यसभा सभापति ने आप सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। बता दें कि मानसून सत्र में विपक्ष मणिपुर वायरल वीडियो पर पीएम मोदी से सदन में जवाब देने की मांग पर अड़ा है।

बता दें, मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। मणिपुर की घटना को लेकर दोनों सदनों में लगातार गतिरोध देखने को मिला रहा है। सोमवार को भी राज्यसभा में इस मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। जब संजय सिंह को निलंबित किया गया तो वे राज्यसभा सभापति के चेयर तक आ पहुंचे थे। उस समय सदन के नेता पीयूष गोयल बोल रहे थे।

‘संजय सिंह को निलंबित करना दुर्भाग्यपूर्ण’

राज्यसभा सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित करने पर दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर सच्चाई के लिए आवाज उठाने पर संजय सिंह को निलंबित किया जाता है, तो हम परेशान नहीं होंगे। हमारी कानूनी टीम इस मामले को देखेगी, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

विपक्ष मणिपुर हिंसा को लेकर लगातार सरकार को घेर रहा है। वह पीएम मोदी से संसद के दोनों सदनों में इस पर जवाब देने की मांग कर रहा है। सपा सांसद जया बच्चन ने कहा कि मणिपुर की घटना की दुनिया में चर्चा हो रही है, लेकिन हमारे देश में नहीं, जोकि शर्म की बात है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर 140 करोड़ लोगों का नेता संसद के बाहर बयान देता है तो उसे संसद के अंदर भी जवाब देना चाहिए। यहां जन प्रतिनिधि बैठे हैं।

error: Content is protected !!