Assembly Elections 2023: सुबह 9 बजे तक छत्तीसगढ़ में 9.93% और मिजोरम में 12.80% मतदान

नई दिल्ली.  पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का आगाज आज से हो गया है। आज छत्तीसगढ़ और मिजोरम में वोटिंग है। छत्तीसगढ़ की 20 में से 10 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। बाकी की 10 सीटों पर 8 बजे मतदान शुरू हुआ।

सुबह 9 बजे तक छत्तीसगढ़ में 9.93% और मिजोरम में 12.80% मतदान हुआ है। चुनाव आयोग ने ये जानकारी दी है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने से पहले अपने आवास पर पूजा की। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा, “भाजपा कम से कम 14 सीट पर जीतकर प्रथम चरण में आ रही है। फेज 1 भी अच्छा रहेगा, फेज 2 भी अच्छा रहेगा और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी…भूपेश बघेल को ईडी का डर इसलिए है क्योंकि अपराध किया है। अगर आपने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो फिर क्यों डरना?”

छत्तीसगढ़ में यहां 23 साल बाद वोटिंग

इसकी भी सुनी, उसकी भी सुनी और अब जनता अपना फैसला सुना रही है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। कड़ी सुरक्षा के बीच नक्सल प्रभावित बस्तर में सुबह से ही बूथों पर लंबी कतार है। सुकमा में नक्सलियों ने सुबह आईईडी धमाका करके खौफ पैदा करने की कोशिश जरूर की, लेकिन बुलेट पर बैलेट भारी पड़ता दिख रहा है। सुकमा के कारीगुंडम इलाके में 23 साल बाद मतदान हो रहा है। सीआरपीएफ 150 बटालियन और जिला बल के सुरक्षा घेरे में यहां शांतिपूर्वक मतदान हो रहा है।

पहले चरण की 10 सीटों पर सुबह 7 बजे और अन्य 10 सीटों पर सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह 9 बजे तक 9.33 फीसदी मतदान हो चुका था। पहले चरण में 25 महिलाओं सहित 223 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 40,78,681 मतदाता कर रहे हैं। इनमें 19,93,937 पुरुष, 20,84,675 महिला वोटर्स हैं। 69 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।

error: Content is protected !!