रायपुर. राजधानी के तेलीबांधा इलाके में रविवार रात एक चलती कार आग का गोला बन गई. लोगों ने आनन-फानन में कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. बीच सड़क कार में आग लगने से राहगीरों में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, रिंगरोड में अग्रसेन चौक के पास चलती सुमो ग्रैंड में आग लगी. कार सवार सभी लोग झारखंड के निवासी हैं. दमकल वाहन मौके पर पहुंचने से पहले आग ने कार को पूरी तरह से चपेट में ले लिया था. आवाजाही को प्रभावित होने से बचाने के लिए पुलिस अमले ने दमकल की मदद से आग को बुझाने के बाद ट्रैफिक दुरुस्त किया.
तेलीबांधा मार्ग पर कार में आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाई है. थाने से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन झारखंड पासिंग का है. घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है.
देखें वीडियो

