महिला बैंक कर्मचारी से ही 1.26 लाख रुपये की साइबर ठगी, क्रेडिट कर्मचारी बनकर फंसाया

ग्वालियर। सिरोल इलाके में रहने वाली महिला बैंक कर्मचारी से ही साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने क्रेडिट कंपनी का कर्मचारी बनकर महिला को फंसाया। महिला से 1.26 लाख रुपये की ठगी की है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

सिरोल निवासी नेहा शर्मा मप्र ग्रामीण बैंक में काम करती हैं। वह थाटीपुर स्थित शाखा में पदस्थ हैं। उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से काल आया। काल करने वाली भी महिला ही थी।

उसने कहा कि वह क्रेडिट कार्ड कंपनी से बोल रही है। नेहा से उसने कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड से जो रिवार्ड मिले हैं, उन्हें जल्द ही रिडीम करना होगा। अगर रिडीम नहीं किए तो उनके पाइंट खत्म हो जाएंगे।

एक लिंक महिला द्वारा भेजी गई। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद ओटीपी पूछा। नेहा ने ओटीपी भी बता दिया। इसके बाद खाते से रुपये निकल गए। अलग-अलग बार में 1.26 लाख रुपये निकल गए। तब ठगी का पता लगा। इसके बाद साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!