आगर मालवा। आगर मालवा जिले के सुसनेर में एक सड़क हादसे की आड़ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 23 अगस्त को ग्राम बड़िया जोड़ पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार विक्रम सिंह सौंधिया को ट्रक से टक्कर मारी गई थी। पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते विक्रम सिंह को रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख में एक्सीडेंट कराने का सौदा तय किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद विक्रम सिंह ने आशंका जताई थी कि यह टक्कर जान से मारने की नीयत से मारी गई है। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी सबूतों की भी जांच की गई। जांच में ट्रक क्रमांक RJ-17-GB-3330 के चालक शंकर यादव की भूमिका सामने आई। पूछताछ में उसने पैसों के लालच में यह घटना करने की बात कबूल की।
जांच में यह भी पता चला कि ग्राम खजुरी निवासी अर्जुन ने पुरानी रंजिश के कारण तुलसीराम यादव से 5 लाख में यह सौदा किया था। तुलसीराम ने इस साजिश में कुछ और लोगों को भी शामिल किया था। पुलिस ने 31 अगस्त की रात को शंकर और ट्रक मालिक विजय को गिरफ्तार किया। इसके बाद 1 सितंबर को तुलसीराम, राहुल और अर्जुन को भी पकड़ा गया। सभी पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

