CG: गणेश बैनर लगाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, लाठी-रॉड और पत्थरों से हमला, कई लोग घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के पेंशनबाड़ा चौक के पास गणेश उत्सव के लिए फ्लैक्स-बैनर लगाने को लेकर बुधवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बैनर लगाने और उसे फाड़ने की बात से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, सब्बल और पत्थर से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं।

मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब विवाद की वास्तविक वजह, मौके पर मौजूद लोगों और मारपीट के दौरान इस्तेमाल किए गए सामान की जानकारी जुटा रही है।

बैनर फाड़ने की बात से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार पेंशनबाड़ा निवासी पीयूष यादव ने शिकायत में बताया कि बुधवार दो सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे वह पेंशनबाड़ा चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान हितेश तांडी और कार्तिक महानंद गणेश उत्सव के लिए फ्लैक्स-बैनर लगा रहे थे। इसी दौरान बैनर फाड़ने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पीयूष का आरोप है कि उसने बैनर फाड़ने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान हाथ-मुक्के के साथ डंडे, रॉड, सब्बल और पत्थर से हमला किया गया।

बीच-बचाव करने आए लोगों को भी लगी चोट

पीयूष ने पुलिस को बताया कि हमले में उसके सिर में चोट आई। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बंटी चौहान के हाथ और पीठ तथा भावेश यादव के सीने और घुटने में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया।

दूसरे पक्ष ने लगाया रोकने और धमकाने का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष से हितेश तांडी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हितेश के मुताबिक वह कार्तिक महानंद के साथ पेंशनबाड़ा चौक स्थित सुलभ के पास गणेश उत्सव के लिए फ्लैक्स-बैनर लगा रहा था। इसी दौरान पीयूष यादव, बंटी चौहान और भावेश यादव वहां पहुंचे और बैनर लगाने से रोकने लगे।

हितेश का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके कंधे, बाएं हाथ की कलाई और पीठ में चोट आई। वहीं कार्तिक महानंद के सिर में चोट लगने की शिकायत की गई है।

गणेश उत्सव की तैयारी के बीच विवाद से बढ़ी चिंता

गणेश उत्सव को लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में पंडाल और सजावट का काम शुरू हो चुका है। ऐसे में बैनर-फ्लैक्स लगाने की जगह को लेकर हुआ यह विवाद चर्चा में है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद था या बुधवार को बैनर लगाने को लेकर ही विवाद शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!