नन्हे कान्हा की बांसुरी पर झूमी राधा, एनएसएम स्कूल बना “मथुरा-वृंदावन”

चौगुनी हुई जन्माष्टमी की खुशियां, बच्चों ने फोड़ी चॉकलेट से भरी मटकी

अंबागढ़ चौकी(दैनिक पहुना)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के एक दिन पूर्व एनएसएम पब्लिक स्कूल, अंबागढ़ चौकी में ऐसा मनोहारी वातावरण बना, मानो मथुरा-वृंदावन की छवि विद्यालय परिसर में ही उतर आई हो। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय प्रबंधन की पूर्व सूचना पर पालक अपने बच्चों को राधा-कृष्ण के आकर्षक स्वरूप में सजाकर स्कूल लेकर पहुंचे। फूलों से सजी नन्हीं राधाओं और हाथों में बांसुरी थामे कान्हाओं ने अपनी मासूम अदाओं से वातावरण को कृष्णमय बना दिया। बाल कृष्ण की बांसुरी की मधुर धुन और राधा के मनमोहक नृत्य ने जन्माष्टमी उत्सव की खुशियों को चौगुना कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर में “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंजते रहे। दही-हांडी आयोजन को भी बच्चों के लिए अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया गया। दही की जगह मटकी में स्वादिष्ट चॉकलेट भरकर उसे बच्चों ने उसी उत्साह के साथ फोड़ा और चॉकलेट का आनंद लिया। संस्था के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत मिश्रा ने कहा कि एनएसएम पब्लिक स्कूल प्रत्येक आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय त्योहारों, संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व से परिचित कराने का प्रयास करता है। साथ ही उन्हें देश के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक घटनाक्रमों की जानकारी भी दी जाती है, ताकि बच्चे अपनी समृद्ध परंपराओं से जुड़ सकें। अंत में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई। राधा-कृष्ण की मनमोहक छवियों और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!