रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में सेवा संकल्प अभियान को लेकर दो दिवसीय मैराथन बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हो रही बैठकों में संगठन के साथ नगरीय और पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों से अभियान की प्रगति का फीडबैक लिया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संगठन महामंत्री पवन साय कर रहे हैं। पहले दिन सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोलियों की बैठक हुई। इसमें अभियान की गतिविधियों और अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
इसके बाद भाजपा के महापौर और सभापतियों की बैठक बुलाई गई। नगरीय निकायों में चल रहे कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद जिला पंचायत और नगर पंचायत के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा के महापौर, सभापति, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। अजय जामवाल और पवन साय ने जनप्रतिनिधियों से अभियान को लेकर फीडबैक लिया और आगे की कार्ययोजना के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
दूसरे दिन वीडी शर्मा होंगे शामिल
सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठकों का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहेगा। दूसरे दिन राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान अभियान से जुड़े आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक स्तर पर किए जाने वाले कार्यों को लेकर चर्चा होगी।

