2.05 करोड़ के जमीन सौदे में महज 23 लाख का भुगतान,पीड़िता ने लगाया शेष रकम हड़पने का आरोप
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। समीपस्थ ग्राम पेण्ड्री में भूमि विक्रय के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में लालबाग पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जमीन का सौदा 2.05 करोड़ रुपये में तय हुआ था, जिसमें से पीड़िता को 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष 1.61 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पेण्ड्री निवासी चंदाबाई खरे ने अपनी भूमि खसरा क्रमांक 548/6, रकबा 0.48 एकड़ (0.1916 हेक्टेयर) के विक्रय संबंधी शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भूमि का सौदा प्रवीण झलके, प्रभात जैन एवं लाला यादव के साथ 2,05,00,000 रुपये में तय हुआ था। सौदे के बाद 23 लाख रुपये दिए गए, लेकिन शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया। पीड़िता द्वारा राशि की मांग किए जाने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायत की नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन ने जांच की। उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर अपराध दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस द्वारा भूमि से संबंधित दस्तावेजों सहित अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

