Meta Personal AI Agent ‘Muse’: मेटा का पर्सनल AI एजेंट ‘म्यूज’ लॉन्च, खुद ईमेल भेजेगा, ऑनलाइन शॉपिंग और टिकट बुकिंग करने के बाद पेमेंट भी करेगा

Meta Personal AI Agent ‘Muse’ Launched: मेटा ने अपना नया पर्सनल एआई एजेंट ‘म्यूज’ लॉन्च कर दिया है। यह नया एआई एजेंट न सिर्फ आपके सवालों के जवाब देने तक सीमित रहेगा। बल्कि यह आपके रोजमर्रा के कई काम आसान करने में मदद करेगा। मेटा का यह नया पर्सनल एआई एजेंट खुद ईमेल भेजेगा। यहां तक कि ऑनलाइन शॉपिंग (online shopping) और टिकट बुकिंग (Ticket Booking) करने के बाद पेमेंट भी करेगा। Muse AI के जरिए काम को ज्यादा आसान और ऑटोमेटेड बनाने की कोशिश की गई है।

फिलहाल मेटा ने नया पर्सनल एआई एजेंट ‘म्यूज’ को अमेरिका में लॉन्च किया। भारत में इसे लॉन्च नहीं किया गया है। भारतीयों को इसकी सेवा लेने के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। कंपनी ने भारत में इसे लॉन्च करने की कोई तारीख भी अभी शेयर नहीं की है।

मेटा का नया एआई एक पर्सनल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट है। यह नॉर्मल चैटबॉट की तरह नहीं है। दूसरे एआई ऐप्स आमतौर पर आपके सवालों के जवाब दे सकते हैं, लेकिन खुद से कोई ऐप खोलकर मैसेज करना या कई स्टेप वाला काम पूरा करना उनके लिए आसान नहीं होता। वहीं, मेटा का Muse खास तौर पर ऐसे कामों को ऑटोमेट करने के लिए बनाया गया है। यूजर को सिर्फ टास्क देना होता है और एआई उसे पूरा करता है। इसे हर दिन के काम को ऑटोमेट करने के लिए बनाया गया है. इसकी मदद से कई ऐसे काम किए जा सकते हैं, जिन्हें करने में ज्यादा समय लगता है। एजेंट सुरक्षित वर्चुअल मशीन पर चलता है, जिसमें एजेंट और यूजर का डेटा दोनों सुरक्षित रहते हैं।

जानिए कैसे आपके काम आ सकता है

Muse AI आपके सवालों के जवाब देने के साथ-साथ कई दूसरे काम भी कर सकता है। जैसे कोई फॉर्म पूरा करना, वेबसाइट पर ब्राउजिंग करना, कोई चीज खरीदना, इमेज बनाना और डॉक्यूमेंट तैयार करना। इसकी मदद से यूजर को कई छोटे-छोटे काम खुद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एआई इन कामों को अपने तरीके से पूरा करने में मदद कर सकता है।

AI चैटबॉट और AI एजेंट में क्या फर्क

AI चैटबॉट यूजर के सवाल या निर्देश का जवाब देता है। जैसे- आप पूछते हैं, “दिल्ली से न्यूयॉर्क की सबसे सस्ती फ्लाइट कौन-सी है?” चैटबॉट आपको फ्लाइट के विकल्प और कीमतें बता देगा। इसके बाद फ्लाइट खुद चुनना और बुक करना होगा।AI एजेंट सिर्फ जानकारी नहीं देता, बल्कि यूजर की ओर से काम भी कर सकता है। जैसे- आप कहें, “मेरे लिए न्यूयॉर्क की फ्लाइट बुक करो। एजेंट फ्लाइट के विकल्प देख सकता है, वेबसाइट खोल सकता है, फॉर्म भर सकता है और बुकिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है। संवेदनशील काम के लिए वह यूजर की मंजूरी भी ले सकता है। म्यूज भी AI एजेंट है। यह ईमेल भेजने, ट्रैवल बुक करने, ऑनलाइन शॉपिंग और फॉर्म भरने जैसे डिजिटल काम कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!