पारिवारिक विवाद के चलते उठाया था आत्मघाती कदम
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। पुलिस चौकी चिचोला की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी चिचोला में फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई।
समस्या यह थी कि युवक घटनास्थल की सही जानकारी नहीं दे रहा था। ऐसे में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और तत्काल मौके पर पहुंची। वहां करीब 45 से 50 वर्ष का एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़ा हुआ था और गले में गमछा लपेटकर फांसी लगाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवक को समझाया-बुझाया और शांत कराया। इसके बाद उसे सुरक्षित पेड़ से नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने युवक को उसके परिवार के सुपुर्द करते हुए परिजनों को आवश्यक समझाइश भी दी। पुलिस की तत्परता के चलते संभावित अनहोनी टल गई। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज, रमेश कतलाम तथा साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

