राजनांदगांव/डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में महिला को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान लोकेश साहू (26), निवासी वार्ड क्रमांक 11 फरदफोड़, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने थाना डोंगरगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि आरोपी उसके पति का दोस्त था और पति की मृत्यु से पहले से ही उसके घर आना-जाना था। आरोपी के पास उसका मोबाइल नंबर होने के कारण दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे धमकाकर अपनी बात मानने के लिए मजबूर किया। पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2025 में आरोपी उसे डोंगरगढ़ स्थित इंडियन लॉज-1 ले गया, जहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना की जानकारी किसी को देने पर आरोपी द्वारा जान से मारने तथा फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी। इसके बाद भी आरोपी कथित तौर पर पीड़िता के संतोषी नगर, लखोली स्थित घर पहुंचकर दुष्कर्म करता रहा।

पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 4179/2026 के तहत धारा 64(2)(एम), 351(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में विवेचक उप निरीक्षक गीतांजलि सिन्हा ने कार्रवाई की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी लोकेश साहू को 24 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

