CG CRIME: 8 साल के बच्चे का अपहरण, पुलिस की नाकेबंदी देख छोड़कर भागा आरोपी

आरंग। बालाजीपुरम कॉलोनी से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 8 साल के बच्चे को आरंग पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की नाकेबंदी और लगातार बढ़ते दबाव को देखकर आरोपी बच्चे को समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चा रोजाना की तरह अपनी बालाजीपुरम स्थित कॉलोनी के बाहर सड़क पर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर मासूम का अपहरण कर लिया। जब काफी देर तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उल्लेखनीय है कि पीड़ित बच्चा बालाजीपुरम कॉलोनी में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी मां एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं, जबकि पिता एक मेडिकल स्टोर में कार्य करता है।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में तुरंत विशेष टीमों का गठन किया और आसपास के सभी संभावित रास्तों व सीमाओं पर सख्त नाकेबंदी कर दी।पुलिस ने कॉलोनी और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। संदिग्ध वाहनों की तेजी से जांच शुरू की गई, जिससे अपहरणकर्ताओं पर दबाव बनता चला गया।

पुलिस की चौतरफा घेराबंदी और तेजी से जारी तलाशी अभियान से घबराकर अपहरणकर्ता बच्चे को नुकसान पहुँचाए बिना आरंग क्षेत्र के समोदा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया। आरंग पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और चिकित्सीय जांच के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मासूम को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में आंसू छलक पड़े। पूरे परिवार और स्थानीय निवासियों ने आरंग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक कुमार झा ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अपहरण में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!