CG Weather: प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं के आसार, मौसम विभाग की चेतावनी

 रायपुर. दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भारत को अलविदा कह दिया है. छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार बदल रहा है. मौसम शुष्क रहने के बाद अब दक्षिणी इलाकों में बारिश दर्ज हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते दिनों मौसम शुष्क रहने के बाद बारिश हुई है. प्रदेश में एक-दो स्थानों में पानी गिरा. छिंदगढ़ में 9 सेमी और बड़े बचेली, दंतेवाड़ा, कुआकोंडा, कटेकल्याण में 2 सेमी बारिश हुई. फिर रायपुर सबसे गर्म शहर रहा, यहां 33.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

राज्य से मानसून की विदाई हो चुकी है लेकिन  समय-समय पर बनने वाले सिस्टम के प्रभाव से किसी ना किसी इलाके में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. इसकी वजह से वातावरण में आर्द्रता की मात्रा खत्म नहीं हो पा रही है.

आज भी बारिश के आसार

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 2 दिन के बाद भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं.

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है.

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक शनिवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. साथ ही अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सिसय और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!