स्वस्ति मेहुल जैन के भजनों से गूंजेगा म्युनिसिपल स्कूल मैदान…

विजयादशमी महोत्सव में 61 फीट के रावण का होगा दहन, एआई तकनीक से सजेगी आकाशीय आतिशबाजी

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। विजयादशमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति द्वारा म्युनिसिपल स्कूल मैदान में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के 19वें वर्ष में दिल्ली की प्रसिद्ध पार्श्व एवं भक्ति गायिका स्वस्ति मेहुल जैन अपनी प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण लगभग 61 फीट ऊंचे रावण का दहन और एआई तकनीक से तैयार की जाने वाली आकर्षक आकाशीय आतिशबाजी होगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव तथा विशिष्ट अतिथि अभिषेक सिंह, अशोक शर्मा और खूबचंद पारख सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

भक्ति गीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

सौरभ कोठारी ने बताया कि स्वस्ति मेहुल जैन अपने लोकप्रिय भजनों और गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। उन्हें ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘जय जयंत शासनम्’, ‘है मेरे गीत तेरे राधा’ और ‘कृष्णा-कृष्णा मधुरम-मधुरम’ जैसे भक्ति गीतों के लिए पहचान मिली है। उन्होंने फिल्म ‘बाला’ के गीत ‘ना हगोरिये’ सहित ‘कैसे कहे’ और ‘ओ भैया’ जैसे गीत भी गाए हैं। उनके भजनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है।

एआई तकनीक से होगी आतिशबाजी

इस वर्ष मुंबई से आने वाली आतिशबाजी टीम आकाश में आकर्षक और रोमांचक आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। आयोजन समिति के अनुसार, इस बार आतिशबाजी में एआई तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। लगभग 61 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन दशहरा उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा।

दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

समिति के मीडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा और मुकेश शर्मा ने बताया कि दर्शकों की सुविधा के लिए प्रतिवर्ष की तरह आमंत्रण पत्र और निःशुल्क पास वितरित किए जाएंगे। इस बार बैठने के लिए कुर्सियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पास पर प्रवेश द्वार का नंबर अंकित रहेगा। फैमिली पास के माध्यम से परिवार के साथ प्रवेश की व्यवस्था भी की जाएगी। दर्शकों की सुरक्षा के लिए आयोजन स्थल और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पार्किंग के लिए पुतरी शाला, पुराना अस्पताल और ओवरब्रिज के नीचे के स्थान चिह्नित किए गए हैं। समिति का कहना है कि आयोजन को व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!