IND W vs ZIM W 3rd ODI: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है। जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए हैं। हरलीन देओल, यास्तिका भाटिया और क्रांति गौड़ को टीम में मौका मिला है, जबकि जिम्बाब्वे ने एक बदलाव किया है।

भारतीय महिला टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। अब टीम इंडिया की कोशिश तीसरा वनडे जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने की होगी। इससे पहले भारतीय टीम टी20 सीरीज भी 3-0 से अपने नाम कर चुकी है। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम आखिरी मैच जीतकर दौरे का अंत जीत के साथ करना चाहेगी।
पहले दो वनडे में भारत का दमदार प्रदर्शन
सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया था। इस जीत में प्रतिका रावल के नाबाद शतक और श्री चरणी के चार विकेट की अहम भूमिका रही।
दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत कौर ने 126 रन की पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा ने नाबाद 106 रन बनाए। इन पारियों की मदद से भारत ने छह विकेट पर 328 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम किया। अब तीसरे मैच में भी भारतीय टीम से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
भारत-जिम्बाब्वे तीसरे वनडे की पिच रिपोर्ट

वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम की पिच लाल मिट्टी से तैयार की गई है। इस मैदान पर बड़े स्कोर बनने का इतिहास रहा है। साल 2024 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यहां 314 और 358 रन के बड़े स्कोर बनाए थे। यहां गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आती है और बाउंस एक समान रहता है, जिससे बड़े स्कोर वाले मैच देखने को मिलते हैं। वहीं पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छा उछाल देखने को मिल सकता है, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिनर्स को गेंद पर बेहतर ग्रिप मिलने की संभावना रहती है।
वडोदरा में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, वडोदरा में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। बारिश की आशंका कम बताई गई है, जिससे दर्शकों को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरे वनडे मैच दोपहर 2 बजे शुरू होगा। भारत में मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, मोबाइल और ऑनलाइन देखने वाले दर्शक जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
भारत की प्लेइंग-11
प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), सयाली सातघरे, जिंतीमनी कालिता, क्रांति गौड़ और वैष्णवी शर्मा।
जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11
मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), लोरिन फिरी, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, बिलवेड बीजा, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), न्याशा ग्वानजुरा, चिएद्जा धुरुरु, मिशेल मावुंगा, नोमवेलो सिबांदा, फ्रांसिस्का चिपारे और ओलिंडर चारे।

