राजधानी में फर्जी जज-वकील बनकर ठगी, पुरानी दोस्त से 1,88,000 रुपये की धोखाधड़ी….

रायपुर। राजधानी में ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर पुरानी दोस्त से 1.88 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपित पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह ने पीड़िता के भाई के पारिवारिक विवाद में पुलिस से मामला खत्म कराने और कानूनी राहत दिलाने का भरोसा दिया था।

इसके लिए पुलिस अधिकारी और बड़े वकील को पैसे देने की बात कहकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। बाद में काम नहीं होने और दावों पर संदेह होने पर पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। खमतराई पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

स्कूल की दोस्ती का बनाया हथियार

शिकायतकर्ता आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूजा से उनकी पहचान स्कूल के समय से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ती थीं और बाद में इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क बना रहा। अप्रैल 2025 में पूजा ने इंटरनेट मीडिया पर काले कोट में तस्वीरें साझा कर खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता बताया। बाद में राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन होने और प्रशिक्षण लेने का दावा भी किया।

आरजू के भाई की शादी के बाद पारिवारिक विवाद हुआ और उनकी भाभी ने परिवार के खिलाफ शिकायत की थी। इसी मामले में मदद मांगने पर पूजा ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से संपर्क होने का भरोसा दिया। सितंबर में रायपुर आने के नाम पर पांच हजार रुपये लिए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से मुलाकात कराई और उनके माध्यम से केस संभालने की बात कही।

पुलिस अधिकारी के नाम पर मांगे दो लाख

आरोप है कि 16 सितंबर को पूजा ने मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष को दो लाख रुपये देने की बात कही। इसके अलावा वकील और अपनी फीस के नाम पर भी रकम मांगी। आरजू ने अधिवक्ता के यूपीआई खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में पांच हजार रुपये भेजे। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये नकद दिए। उसी रात मोहला-मानपुर चौकी पहुंचने पर प्राची शर्मा का कॉल रिकॉर्ड निकलवाने के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए 18 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए गए।

पैसे वापस मांगने पर धमकी

कुछ दिन बाद आरजू को पूजा के वकील और सिविल जज होने के दावों पर संदेह हुआ। अधिवक्ता अमानत उल्ला खान ने कथित तौर पर केस नहीं करने की बात कही। इसके बाद आरजू ने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कराने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांग लिए। पीड़िता ने रकम लौटाने के लिए दबाव बनाया तो तीन अक्टूबर को उसके साथ गाली-गलौज की गई और प्रभाव का इस्तेमाल कर झूठी शिकायत में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!