CG: रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की बच्ची की मौत, दुष्कर्म की आशंका

 रायपुर। रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली 25 वर्षीय महिला की दो साल की बेटी की आंबेडकर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर गुरुवार की सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजन उसे तत्काल आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन दोपहर करीब दो बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस

अस्पताल सूत्रों और पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मौत के तुरंत बाद परिजनों ने किसी तरह का संदेह नहीं जताया था, जिसके चलते अस्पताल की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया। हालांकि, कुछ समय बाद बच्ची की मां और अन्य परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए और दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग की।

मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल में यह सामान्य मौत का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म की आशंका की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!