NCB Action: दिल्ली से कश्मीर तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाएं जब्त

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। NCB की जम्मू और दिल्ली यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 लाख से अधिक नशीली दवाओं की टैबलेट, कैप्सूल और बोतलें जब्त की गई हैं।

यात्री बस से 7 किलो कोडीन कफ सिरप बरामद

NCB के मुताबिक, 16 नवंबर को जम्मू यूनिट ने उधमपुर के चेन्नानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका था। तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए कश्मीर घाटी में कार्रवाई की गई और अनंतनाग निवासी मुख्य रिसीवर को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली में किराए के मकान में चल रहा था अवैध ड्रग्स गोदाम

जांच के दौरान NCB की टीम को ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के तार दिल्ली से जुड़े मिले। 18 नवंबर को दिल्ली में नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के साथ 356 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इसके बाद शाहदरा इलाके में किराए के परिसर में संचालित अवैध गोदाम का पता चला।

18 और 19 नवंबर को की गई छापेमारी में 5 लाख से ज्यादा नशीली दवाओं की टैबलेट, कैप्सूल और बोतलें जब्त की गईं। इनमें ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाओं का बड़ा जखीरा शामिल है।

सप्लाई चेन और फाइनेंशियल नेटवर्क की जांच तेज

NCB अब इस पूरे नेटवर्क के मूल सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। साथ ही वैध फार्मास्युटिकल सप्लाई चेन से कोडीन युक्त कफ सिरप को अवैध रूप से डायवर्ट किए जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। जांच एजेंसी को नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!