दर्दनाक सड़क हादसा; बस-बाइक की टक्कर से भजन गाने जा रहे 3 ग्रामीणों की मौत

जांजगीर। धार्मिक आयोजन में भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देने घर से निकले ग्राम दर्री के तीन ग्रामीणों की डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर रविवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस और बाइक के बीच आमने-सामने भिड़ंत होने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के निवासी थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक की लहर है।

छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुई आमने-सामने की भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में शामिल होने निकले थे। तीनों को कार्यक्रम में भजन गायन की प्रस्तुति देनी थी।

बताया जा रहा है कि डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों ग्रामीण उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

तीन मौतों से गांव में पसरा मातम

एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से ग्राम दर्री में मातम पसरा हुआ है। भजन-कीर्तन के लिए निकले तीनों ग्रामीणों की हादसे में मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बस चालक फरार है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!