अयोध्या. रामनगरी अयोध्या के सरयू तट पर नए सिरे से उच्च स्तरीय तकनीक से विकसित किया जा रहा अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय विश्व का इकलौता संग्रहालय बनेगा, जिसमें राम कथा का प्रेजेंटेशन 7D में किया जाएगा. इसमें कुल 20 गैलरियों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 200 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा. 7D, 3D और अन्य उच्च तकनीक से प्रभु राम से जुड़े प्रसंग, इतिहास, राम मंदिर आंदोलन के विविध स्तर के संघर्ष को साक्ष्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा.
विदेशी रामलीला की गैलरी में 36 देशों में हो रही रामलीलाओं की झलक दिखेगी. सभी गैलरियों की स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है और इन्हें अनुमोदित कर अब प्रेजेंटेशन के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे. अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट को सौंपी गई है, जिसके जीर्णोद्धार के साथ नए सिरे से विकास में 200 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा.
अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय के डायरेक्टर डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि श्रद्धालु इसे अंदर का अवलोकन करने के बाद जब बाहर निकले तो प्रभु की लीलाओं की अनुभूति से गहद मिले.संग्रहालय के देश-विदेश की रामलीलाओं के पुरावशेषों और प्रयोग की लाई गई सामग्रियों के साथ 36 देशों की रामलीला की झलक मिलेगी. सबसे बड़ी गैलरी विदेशी राम लीलाओं की है, जिसे 620 वर्ग मी क्षेत्र में तैयार किया गया है.
उन्होंने बताया कि भवन का जीर्णोद्धार का काम पूरा हो गया है. गैलरियों के निर्माण कार्य पूरा हो रहा है. अब इसे तकनीकी तौर पर रामकथा के पटकथा के मुताबिक सजाना है. उन्होंने कहा कि अब इसके कार्यालय अलग कर दिया गया है.. रिसेप्शन से लेकर यात्रियों के प्रवेश के पहले की प्रक्रिया, टिकट सामानों को लेकर रखने व कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं कार्यालय में मिलेंगी.इसके अलावा प्रवेश की सीमित संख्या में ग्रुप तय कर दिए जाएंगे क्योंकि गैलरियों में सीमित संख्या में ही श्रद्धालु प्रवेश करेंगे.

