राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री एव पूर्व ब्लॉक सरपंच संघ छुईखदान के अध्यक्ष ’रणजीत सिंह चन्देल का कहना है कि किसानों के प्रदेश में धर्मांतरण का मुद्दा उठाकर भारतीय जनता पार्टी वातावरण दूषित करने का काम कर रही है।
आज जारी एक बयान में चन्देल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसानों की चिंता करते हुए एक के बाद एक बड़े फैसले लिये हैं। इनमें कर्ज माफी, धान का समर्थन मूल्य, राजीव गांधी न्याय योजना, भूमिहीन किसानों के लिये भी न्याय योजना शामिल है। राज्य सरकार अंतिम छोर के किसानों, भूमिहीन मजदूरों को नगद राशि देकर उनका जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम कर रही है। बघेल को किसानों की चिंता इसलिये है कि वह स्वयं किसान हैं और 75 फीसदी निवासी किसानों की तकलीफ को समझते हैं। यह काम भाजपा ने अपने 15 साल के कार्यकाल में बिल्कुल नहीं किया। यही कारण है कि आज छत्तीसगढ़ में किसान, आदिवासी, अनुसूचित जाति के लोगों ने सब तरफ उसे नकार दिया है। इस सच्चाई को स्वीकार करने के बजाय वह धर्मांतरण के औचित्यहीन सवाल को चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है। वे यह नहीं बताते कि कितने किसानों ने कांग्रेस कार्यकाल में धर्म या मत बदला। आंकड़े बता रहे हैं कि ज्यादा धर्म परिवर्तन भाजपा के शासन काल में हुआ। भाजपा को प्रतिपक्ष की भूमिका निभानी है तो वह किसानों की बात करे।
चन्देल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांत प्रदेश है। यहां आपस में वैमनस्यता पैदा करने की कोशिश कभी भी सफल नहीं होगी।