बालोद. बालोद जिले में भालूकोन्हा गांव के रिहायशी इलाके के करीब भालू पहुंचने से दहशत का माहौल बना हुआ है. शनिवार को देर रात तालाब पार स्थित शिव मंदिर परिसर में भालू दिखाई दिया. मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज में भालू की हलचल कैद हो गई. इसके बाद उसे रविवार को जंगल की तरफ जाते दिखाई दिया.
जानकारी के मुताबिक, भालूकोन्हा गांव के क्षेत्र में भालू बीते 1 महीने से मौजूद है. ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर भालू को पकड़ने के मांग की थी. एक बार फिर मंदिर के भालू के पहुंचने से दहशत का माहौल है. वन विभाग ने भालूकोन्हा, जाटादाह, पिंगाल सहित आसपास गांव के मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है.
भोजन की तलाश में आ रहे भालू
भालू भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहे हैं. वह ग्रामीणों के घरों में रखा तेल और अन्य खाद्य सामग्री खा रहे हैं. भालुओं की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को कई बार रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर होना पड़ता है.
शिव मंदिर में भालू की हलचल CCTV में कैद
ग्राम भालूकोन्हा स्थित शिव मंदिर में भालू दिखाई देने की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. मंदिर में लगे CCTV कैमरे में भालू की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. करीब एक मिनट के इस फुटेज के सामने आने के बाद क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
वन विभाग हुआ अलर्ट
गांव के मंदिर में भालू के मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. डौंडीलोहारा रेंज अधिकारी प्रवेश सोनी ने भालूकोन्हा, जाटादाह, पिंगाल समेत आसपास के गांवों में वन विभाग की टीम भेज कर गस्त बढ़ाई दी है. वहीं मुनादी कराकर लोगों से जंगल की तरफ जाने से बचने की अपील की गई है.

