लोरमी। क्षेत्र के एक रिहायशी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक विशालकाय ‘अहिराज’ सांप देखा गया। गनीमत रही कि समय रहते इसकी सूचना वन विभाग को दी गई. विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा।
ये तस्वीरें लोरमी क्षेत्र की हैं,जहाँ शाम के वक्त उस समय सनसनी फैल गई जब गली में खेल रहे बच्चों की नजर दुर्लभ अहिराज सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही बच्चों ने भागकर अपने घरों में इसकी जानकारी दी। जैसे ही स्थानीय निवासियों को गली में सांप होने का पता चला, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए लोगों ने सांप को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के कर्मचारी प्रदीप निषाद और सुरेश यादव ने कड़ी मशक्कत के बाद बेहद सुरक्षित तरीके से इस विशालकाय अहिराज सांप का रेस्क्यू किया। सांप को पकड़ने के बाद टीम उसे दूर घने जंगल में ले गई और सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया, जिसके बाद लोरमी के रहवासियों ने राहत की सांस ली।
इस सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने आम जनता से एक बेहद जरूरी अपील भी की है कि जब भी आपके आस-पास या रिहायशी इलाके में सांप दिखे, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। सांप के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने या उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश बिल्कुल न करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और वन्यजीवों की रक्षा में सहयोग करें।


