युवती का मोबाइल छीनकर भाग रहा था आरोपी, जवानों ने पीछा कर दबोचा

रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में युवती से मोबाइल झपटकर भाग रहे एक आरोपी को यातायात पुलिस के जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। भीड़भाड़ वाले इलाके में जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की और उसके कब्जे से युवती का मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। वहीं तस्दीक के बाद बरामद मोबाइल युवती को सुरक्षित वापस लौटा दिया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात जवान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात थे। इसी दौरान यातायात थाना फाफाडीह के आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन और नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-01 के पास मोबाइल छीनकर भागने की सूचना मिली।

पुलिस के मुताबिक जवानों को बताया गया कि एक व्यक्ति ने वहां मौजूद एक युवती का मोबाइल जबरदस्ती छीन लिया है और तेजी से भाग रहा है। सूचना मिलते ही दोनों जवान सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। रेलवे स्टेशन के आसपास भीड़ अधिक होने के बावजूद जवानों ने आरोपी पर नजर बनाए रखी। आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था। दोनों जवानों ने सूझबूझ से घेराबंदी की और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से युवती से छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!