इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर घर में घुसे बदमाश, परिवार को बनाया बंधक; 50 तोला सोना और नकदी लूटकर फरार

एमपी/ बाग। नगर में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पांच बदमाश खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक घर में घुस गए और जांच के नाम पर परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाश करीब 50 तोला सोने के जेवर, साढ़े चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

आयकर अधिकारी बनकर घर पहुंचे आरोपी

जानकारी के अनुसार बाग निवासी राजकुमार मालवीय के घर पांच लोग अधिकारी बनकर पहुंचे। बदमाश काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार में सवार होकर आए थे। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने आयकर विभाग की जांच करने की बात कही और घर की तलाशी लेने का बहाना बनाया।

परिवार को कमरे में बंद कर लूटा घर

आरोपियों ने घर में घुसते ही राजकुमार मालवीय, उनकी पत्नी और घर में काम करने वाली महिला को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उन्होंने अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखे करीब 50 तोला सोने के आभूषण, साढ़े चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बाहर से घर में ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए।

पड़ोसियों की मदद से पुलिस को मिली सूचना

कुछ समय बाद पड़ोसियों की मदद से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तुड़वाकर परिवार को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि भागते समय आरोपी एक मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए। पुलिस के अनुसार उस मोबाइल की लोकेशन घटबोरी रोड के आसपास बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस वारदात को पूर्व नियोजित लूट मानकर जांच कर रही है।

error: Content is protected !!