टेक डेस्क। पिछले कुछ वक्त से WhatsApp अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक के बाद एक जबरदस्त फीचर्स रोल आउट कर रहा है। इसी बीच अब कंपनी ने कॉलिंग को आसान बनाने के लिए नया गेस्ट कॉलिंग फीचर रोल आउट किया है। इस फीचर की मदद से अब वो लोग भी ऑडियो और वीडियो कॉल में जुड़ पाएंगे, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है।
जी हां, इसके लिए अब यूजर्स को सिर्फ कॉल लिंक बनाकर संबंधित शख्स के साथ शेयर करना होगा। खास बात ये है कि गेस्ट कॉल फीचर भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेगा। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं…
फ्री में होगी ऑडियो और वीडियो कॉल
WhatsApp के इस नए फीचर की मदद से अब यूजर्स वन-टू-वन और ग्रुप कॉल में बिना अकाउंट वाले लोगों को भी ऐड कर पाएंगे। एक कॉल में गेस्ट सहित मैक्सिमम 32 लोग शामिल हो सकते हैं। कंपनी का कहना है कि ये कॉल फ्री होंगी और इनमें टाइम की कोई लिमिट नहीं होगी।
गेस्ट कॉल फीचर्स कैसे इस्तेमाल करें?
- गेस्ट कॉल शुरू करने के लिए यूजर्स को WhatsApp के Calls टैब में जाना होगा।
- इसके बाद ‘+’ आइकन पर टैप करना होगा।
- अब कॉल लिंक बनाकर उसे दूसरे शख्स के साथ शेयर करना होगा।
- इन्वाइट किया गया शख्स कंप्यूटर के ब्राउजर में लिंक ओपन कर सकता है।
- इधर अब यूजर को अपना नाम दर्ज करना होगा और कॉल में शामिल होने के लिए रिक्वेस्ट भेजनी होगी।
- हालांकि कॉल लिंक बनाने की सुविधा सिर्फ WhatsApp अकाउंट वाले यूजर्स को मिलेगी।
कॉल में शामिल होने की मिलेगी परमिशन
खास बात ये है कि इस फीचर में कॉल होस्ट के पास ये तय करने की पावर होगी कि कौन कॉल में ऐड हो सकता है। गेस्ट को पहले वेटिंग रूम में रखा जाएगा और इसके बाद होस्ट की परमिशन मिलने के बाद ही वो कॉल में ऐड हो सकेगा। होस्ट किसी भी वक्त गेस्ट को कॉल से हटा भी सकता है यानी होस्ट को फुल कंट्रोल मिलेगा।

