मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड के दोषियों मुस्कान और साहिल को 14 अक्टूबर, जबकि अमित हत्याकांड के दोषियों रविता और अमरदीप को 16 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी. दोनों मामलों में मृतकों के परिजनों ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की है.
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड और सर्पदंश की साजिश से जुड़े हत्या के मामले में दोषियों को सजा सुनाने की तारीख तय हो गई है. सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में दोषी मुस्कान और साहिल को 14 अक्टूबर को, जबकि अमित की हत्या के मामले में दोषी रविता और अमरदीप को 16 अक्टूबर को अदालत सजा सुनाएगी. दोनों मामलों में मृतकों के परिजनों ने दोषियों को फांसी देने की मांग की है.
सौरभ हत्याकांड में फैसला
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में हुए सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने मृतक की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को हत्या का दोषी ठहराया है. अदालत ने अपराध को गंभीर और सुनियोजित मानते हुए सजा सुनाने के लिए 14 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है.
इस मामले में सौरभ की मां रेणु ने दोषियों को फांसी देने की मांग की है. उनका आरोप है कि मुस्कान ने वैवाहिक रिश्ते का सम्मान नहीं किया और साहिल के साथ मिलकर उनके बेटे की निर्मम हत्या की. रेणु ने कहा कि उन्हें न्यायालय से दोषियों को फांसी की सजा मिलने की उम्मीद है.
सर्पदंश की साजिश का मामला
दूसरा मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है, जहां अमित की हत्या के मामले में अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी करार दिया है. इस मामले में सजा का ऐलान 16 अक्टूबर को किया जाएगा.

अमित के परिजनों ने भी दोषियों को फांसी देने की मांग की है. शासकीय अधिवक्ता फरजाना मेकसूद के मुताबिक, दोनों दोषियों को फांसी होगी या उम्रकैद, यह अदालत के फैसले से स्पष्ट होगा. उन्होंने अपराध को माफी के योग्य नहीं बताया.
दूसरी जेल में होंगे शिफ्ट
मेरठ जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान और रविता को लखनऊ सेंट्रल जेल भेजने की तैयारी है. वहीं, साहिल और अमरदीप को आगरा सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि सजा सुनाए जाने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. जेल अधीक्षक के अनुसार, दोषी ठहराए जाने के बाद से चारों आरोपी शांत रहते हैं और ज्यादा बातचीत नहीं करते हैं.

