Bengal Vidhan Sabha Chunav 2026 Voting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। बंगाल चुनाव में बंपर वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग (election Commission) से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे तक 39.97% मतदान हो चुका है। मतदान के लिए सुबह 5.30 बजे से ही लोग बूथों पर पहुंचने लगे थे। तेज गर्मी और कई जगहों पर बारिश होने के बावजूद ज्यादातर बूथों पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी है।
बंगाल बंपर मतदान के बीच बवाल और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। साउथ 24 परगना जिले में बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार की कार पर हमला हुआ है। बसंती विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बिकाश सरदार ने आरोप लगाया कि उनकी कार पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है और उसके शीशे तोड़ दिए। वहीं बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा और बमबाजी रोकने के लिए NIA की तैनाती गई है।

बीजेपी प्रत्याशी की कार पर हमला
दक्षिण 24 परगना के बसंती में बूथ नंबर 76 के दौरे के दौरान BJP उम्मीदवार विकास सरदार की कार पर हमला कर तोड़फोड़ की गई है। भाजपा उम्मीदवार के वाहन में तोड़फोड़ की गई और उनके सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की भी कथित तौर पर कोशिश की गई। विकास सरदार ने कहा कि उन्होंने मुझे पीटा और ‘जय बांग्ला’ का नारा लगाते हुए मेरे साथ गाली-गलौज की। यहां कोई सुरक्षा नहीं है। अगर एक उम्मीदवार के तौर पर मुझे ही सुरक्षा नहीं मिल रही, तो आम लोगों को सुरक्षा कैसे मिलेगी?

भवानीपुर में हाई वोल्टेज ड्राम
मतदान के दौरान भबानीपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है। बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दोनों एक ही मतदान केंद्रे के बाहर पहुंचे गए, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया। इसी दौरान बीजेपी नेता ने मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में लोगों के पोलिंग बूथ आने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक उम्मीदवार के रूप में मतदान केंद्रों का दौरा करने का अधिकार रखती हैं, लेकिन उनके साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों को लेकर आने की जरूरत नहीं है।
142 सीटों पर 1448 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला
दूसरे चरण की 142 सीटों पर 1448 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला आज ईवीएम में कैद हो रहा है। सबसे कड़ा मुकाबला भवानीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला है। इस सीट से CM ममता बनर्जी चुनाव लड़ रहीं हैं। जबकि ममता के खिलाफ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। सुवेंदु 2021 में ममता को नंदीग्राम से हरा चुके हैं।
तीन करोड़ से अधिक मतदाता मत का करेंगे इस्तेमाल
दूसरे चरण में सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर कुल 3,21,73,837 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। हुगली जिले के चिनसुरा में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में हैं, जहां 1,17,195 वोटर हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां तैनात
मतदान के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर बूथ की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात किया गया है। कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां लगाई गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल ऑब्जर्वर, 95 पुलिस ऑब्जर्वर और 100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। कुल मिलाकर 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।


