CG Crime : होटल में युवक की संदिग्ध मौत, फंदे पर लटका मिला शव!

सूरजपुर. सूरजपुर के चंद्रपुर स्थित नाश्ता होटल के रसोई कमरे में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है, वह इसी होटल में काम करता था. घटना सुबह करीब 5 बजे की है. बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले शव को नीचे उतार लिया गया था.

पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल का है. मंगलवार को सुबह जब कर्मचारी होटल पहुंचे तो उन्हें रसोई कमरे में युवक का शव देखा, जिसके बाद उन्होंने संचालक को जानकारी दी. पुलिस को सूचना दी गई कि उनके होटल में काम करने वाला युवक फांसी के फंदे पर झूल गया है. इसके बाद उन्होंने पुलिस के पहुंचने से पहले ही खुद शव को नीचे उतार लिया.

मौत की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिवार के लोगों के लिए यह घटना बेहद चौंकाने वाली रही. नाश्ता होटल के रसोई कमरे में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर गोलू की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या घटना से पहले कुछ ऐसा हुआ था, जिसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है? फिलहाल इन सवालों के जवाब स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

PM रिपोर्ट में खुलेगा मौत का राज

कोतवाली थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. सभी भौतिक साक्ष्य जुटा लिए गए. वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है. युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!