CG Weather Today : नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की ठंड की दस्तक, 3 दिन में गिरेगा पारा

रायपुर. बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ने से छत्तीसगढ़ का मौसम अब करवट लेने लगा है. मौसम शुष्क होते ही न्यूनतम तापमान गिरावट देखने को मिल रही है. बारिश का दौर थमने के बाद हवा में ठंडक घुलने लगी है. राजधानी रायपुर में सुबह और रात के वक्त ठंड हवाएं  महसूस हो रही है. आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है.

प्रदेश में आज से मौसम शुष्क (Dry Weather) बने रहने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है. वहीं अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में किसी विशेष बदलाव के आसार नहीं है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इस दौरान कोहकामेटा में सर्वाधिक 4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रायपुर और माना में दर्ज हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.

राजधानी में हल्की ठंड महसूस होने के आसार

रायपुर में साफ रहेगा आसमान-राजधानी रायपुर में 7 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है. शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होने के आसार हैं.

आंध्र तट पर चक्रवाती परिसंचरण मौजूद

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. यह समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है. हालांकि इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!