गणेश पंडल में पार्किंग शुल्क वसूलना पड़ा भारी, नगर निगम ने की कार्रवाई…

दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर भिलाई नगर निगम ने कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर निगम की टीम ने शाम के समय मौके पर पहुंचकर पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और पार्किंग शुल्क वसूली में इस्तेमाल 5 कट्टा रसीद जब्त की। निगम के अधिकारी ने कहा कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

दरअसल निरीक्षण के दौरान शिवमानस गणेशोत्सव समिति के पंडाल में किसी भी तरह का पार्किंग शुल्क लेते हुए नहीं पाया गया। वहीं, सेक्टर-10 की सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति के पंडाल के पास स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से 10, 20 और 30 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था। मौके पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए पार्किंग शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त की। साथ ही समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद करने की स्पष्ट हिदायत दी।

कानूनी कार्रवाई की दी गई चेतावनी

निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की वसूली करते पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। निगम ने सभी गणेशोत्सव समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों के तहत आयोजन करें और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि न वसूलें। कार्रवाई के दौरान जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!