कम राजस्व वसूली पर आयुक्त नाराज, बड़े बकायादारों की होगी कुर्की

दो दिन में डिमांड नोटिस तामील करने के निर्देश, लापरवाही पर कर्मचारियों का वेतन रोकने की चेतावनी

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। नगर निगम के सभागृह में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में आयुक्त जीआर मरकाम ने कम राजस्व वसूली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बड़े बकायादारों को दो दिन के भीतर डिमांड नोटिस तामील कराने और बकाया कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, कम वसूली करने वाले सहायक राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोकने की चेतावनी भी दी।

बैठक में आयुक्त मरकाम ने वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कहा कि माह के 16 दिनों में केवल 43 लाख रुपये की वसूली हुई है, जो लक्ष्य की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा कि निगम के कर्मचारियों के वेतन का भुगतान राजस्व वसूली से ही होता है। वसूली की यही स्थिति रही तो वेतन भुगतान में कठिनाई आ सकती है। पूर्व के दो महीनों में बेहतर वसूली के बावजूद इस माह प्रदर्शन कमजोर रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

आयुक्त ने सभी राजस्व प्रभारियों को अपने-अपने वार्ड के बड़े बकायादारों को दो दिन के भीतर डिमांड नोटिस देने और बकाया राशि जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। राजस्व अधिकारी मोबिन अली और सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर को टीम गठित कर बड़े बकायादारों से वसूली करने को कहा गया।

राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने सहायक राजस्व निरीक्षकों को अपने वार्ड के कम से कम 20 बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी घर-घर जाकर वसूली करें और चेक व ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराएं। बड़े बकायादारों के यहां टीम के साथ पहुंचकर बकाया राशि जमा कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने डिमांड के अनुरूप प्रतिदिन वसूली और नियमित पोस्टिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में राजस्व उप निरीक्षक और सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!