अपराधियों के हौसले बुलंद, आबकारी टीम पर हमला, अवैध शराब लूट कर भागे आरोपी

महासमुंद। झलप शराब दुकान में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली गई, बल्कि टीम पर हमला कर जब्त की गई शराब भी छुड़ा ले गए।

जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ शिकायत के सत्यापन के लिए झलप पहुंचे थे। टीम ने चेतन रौतिया, मुकेश कोसले और सेवन जोशी के कब्जे से 336 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की थी। इसी दौरान हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी, उसके पिता अवधेश मिर्धा और अन्य लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने मुख्य सेल्समैन एस. कुमार निषाद के साथ मारपीट की और अधिकारियों को धमकाते हुए जब्ती की शराब जबरन छीनकर फरार हो गए।

साक्ष्य मिले और दर्ज हुआ मामला

आरोपितों की भागदौड़ के दौरान उनके मोबाइल मौके पर ही छूट गए, जिन्हें अधिकारियों ने जब्त कर पुलिस को सौंप दिया है। पटेवा पुलिस ने हेमंत मिर्धा, अवधेश मिर्धा, चेतन रौतिया, मुकेश कोसले, सेवन जोशी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!