पिंक टिकट पर फिर बढ़ी डेडलाइन, महिलाओं की परेशानी के बाद DTC ने बदला फैसला

दिल्ली की DTC बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Smart Card) अनिवार्य किए जाने के बाद कई महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने अभी तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है। इसे देखते हुए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने पेपर आधारित ‘पिंक टिकट’ (Pink Ticket) की व्यवस्था को 10 अक्टूबर तक जारी रखने का फैसला किया है। पिंक टिकट के जरिए महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इससे उन महिलाओं को राहत मिलेगी, जिन्होंने अब तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है या कार्ड प्राप्त नहीं किया है।

डीटीसी ने नहीं जारी किया कोई सर्कुलर

महिलाओं को एक बार फिर मोहलत देते हुए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह दी गई है। दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को 1 अक्टूबर से अनिवार्य कर दिया था। इसके लागू होने के पहले ही दिन कई महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिन महिलाओं के पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं था, उन्हें बस में सफर के लिए किराया देकर टिकट लेना पड़ा। इसे लेकर महिला यात्रियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद 1 अक्टूबर की दोपहर कंडक्टरों को मैसेज के जरिए पिंक टिकट दोबारा जारी करने के निर्देश दिए गए। हालांकि, पहले 2 अक्टूबर से पिंक टिकट के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई थी। लेकिन महिला यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अब पिंक टिकट की सुविधा 10 अक्टूबर तक जारी रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह दी जा रही है।

10 अक्टूबर तक चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

डीटीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल पिंक टिकट को लेकर महिलाओं को रियायत दी गई है। हालांकि, बसों में पहले महिला यात्रियों से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाने के लिए कहा जाएगा। अगर किसी महिला के पास स्मार्ट कार्ड नहीं है, तो उसे पिंक टिकट जारी कर दिया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर तक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके जरिए मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं को बताया जा रहा है कि आने वाले समय में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के बिना डीटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा नहीं मिल सकेगी।

अब भी बनाए जा रहे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब डीटीसी ने पिंक टिकट की सुविधा की अवधि बढ़ाई है। इससे पहले भी समय-समय पर पिंक टिकट की मियाद आगे बढ़ाई जाती रही है। दिल्ली में अब तक बड़ी संख्या में महिलाएं अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवा चुकी हैं। वहीं, कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन और जारी करने की प्रक्रिया अब भी जारी है। महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल स्थित निर्धारित केंद्रों पर जाकर अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा सकती हैं। सरकार की ओर से महिला यात्रियों से जल्द से जल्द स्मार्ट कार्ड बनवाने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में मुफ्त बस यात्रा की सुविधा लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। दिल्ली सरकार का कहना है कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की सुविधा के साथ-साथ व्यवस्था को अधिक आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और आधुनिक बनाने पर जोर दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!