
राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। जिला पुलिस ने आरगांव में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन अपराधों से बचाव की जानकारी दी। मिनीमाता शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक राजनांदगांव द्वारा आयोजित शिविर में साइबर सेल के आरक्षक हेमंत साहू और आरक्षक ओमराज साहू ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों से अवगत कराया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर ठग फर्जी ऑफर, आकर्षक उपहार, फिशिंग लिंक और संदिग्ध APK फाइल के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात स्रोत से APK फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर अनजान आईडी से आने वाले संदेशों तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील की गई। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साइबर वित्तीय ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
यह जागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी साइबर/क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं सतर्क रहने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस शिविर की जिला संगठक एवं कार्यक्रम अधिकारी मोनिका दास, सहायक कार्यक्रम अधिकारी हेमलता लहरे, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल आरगांव के प्राचार्य अजय देवांगन, शिक्षक संतोष भट्टाचार्य और देवेंद्र चुरेंद्र सहित साइबर सेल के कर्मचारी तथा दोनों संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

