रायपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर नाईजीरियन ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए एक नाईजीरियन समेत दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह ड्रग्स रैकेट नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और BP मशीन के डिब्बे में कोरियर के जरिए ड्रग्स की सप्लाई का खेल चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लाख 70 हजार नगद, 5 मोबाइल और 3 चेकबुक जब्त किया है।
दरअसल, रायपुर की देवेंद्र नगर पुलिस ने एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनीट और एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स के साथ मिलकर 19 मार्च को निजी हॉस्पिटल में दबिश दी थी, जहां से दो आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल और विजय अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 27 हजार 500 रुपए का 4.55 ग्राम कोकिन, एक कार और एक मोबाइल बरामद किया था।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
टीम ने जब आरोपियों की कुंडली खंगाली और उनसे पूछताछ की तो पता चला कि कोकिन की सप्लाई अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के माध्यम से की जा रही है, जिसका सरगना नाईजीरियन नागरिक और उसका सहयोगी है। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई कि आरोपी दिल्ली में रहकर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं।
कहां से पकड़ाए आरोपी ?
टीम ने जब आगे की जांच शुरु की तो पता चला कि आरोपी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक्टिव है, जिसके बाद अधिकारियों के निर्देश में टीम के सदस्यों को दिल्ली भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के तिलक नगर में रहने वाले सन्नी शर्मा (26) और नाईजीरिया के लेगोस मारोको में रहने वाले तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स (38) को गिरफ्तार कर लिया।

कैसे चल रहा था पूरा काम ?
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि BP मशीन के डिब्बा में कोरियर के जरिए कोकिन की सप्लाई की जाती है। इस पूरे रैकेट का संचालन नाईजीरिया में बैठा चिची कर रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी सन्नी शर्मा ने अपने बैंक खाता को नाईजीरियन नागरिक को कमीशन पर इस्तेमाल करने के लिए दिया था। इस बैंक अकाउंट का इस्तेमाल ड्रग्स पैडलिंग के रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
नारकोटिक्स एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपी गिरफ्तार
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनीट की टीम ने 2026 में अब तक नारकोटिक्स एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 2 करोड़ 48 लाख 3 हजार 290 रुपए का गांजा 301.7 किलो, ओसियन ग्रो गांजा 2.5 ग्राम, प्रतिबंधित नशिली टेबलेट 6278, MDMA 63.90 ग्राम, पार्टी पिल्स 8 नग, कोकिन 4.55 ग्राम, सिरप 94 शीशी, डोडा 0.547 ग्राम, 4 कार, 5 बाइक, 47 मोबाइल, 1 कट्टा और 2 चाकू जब्त किया गया।


