विद्युत विभाग में 4.30 करोड़ रुपए के गबन का खुलासा, विभागीय कर्मचारी गिरफ्तार…

कवर्धा। कबीरधाम जिले में करोड़ों रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन के आरोप में कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, रवेली केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। दोनों मामलों में कुल 4.30 करोड़ रुपये का गबन उजागर हुआ है। शिकायत के आधार पर थाना पिपरिया में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी ने वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थ रहते हुए कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन संबंधी कृत्य स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नितिन तिवारी और पिपरिया पुलिस टीम ने की। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!