भालुओं के खौफ: जिले में 30 से अधिक की मौजूदगी; ग्रामीणों को बना रहे निशाना

बालोद। जिले के डौंडी, दल्लीराजहरा, डौंडीलोहारा और बालोद वन परिक्षेत्र में भालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे भालुओं के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार, जिले में 30 से अधिक भालुओं की मौजूदगी है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी है। भालुओं की सक्रियता के बीच बीते गुरुवार को सिंघोला गांव में एक खाली मकान में भालू की मौजूदगी का मामला सामने आया था।

इस दौरान मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर भालू ने हमला करने के लिए चार्ज किया, लेकिन रास्ता बदलकर वहां से निकल गया। डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू ही हैं।

शहर के आसपास के इलाकों में भी आवाजाही

भालू ने उनकी तरफ हमला किया था, लेकिन रास्ता बदलने से बड़ा हादसा टल गया। वर्तमान में दल्लीराजहरा के कुछ क्षेत्रों के अलावा बालोद शहर से लगे दानीटोला, गुजरा, रामनगर, तरौद और दईहान में भी भालुओं की आवाजाही देखी जा रही है।

भालू रात में अधिक सक्रिय रहते हैं, इसलिए वन विभाग की टीम प्रभावित इलाकों में विशेष रात्रि गश्त कर रही है। ग्रामीणों को अंधेरे में अकेले बाहर नहीं निकलने और भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है

हर गांव में बनेंगे भालू मित्र दल-ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने प्रभावित गांवों में भालू मित्र दल गठित करने की पहल शुरू की है। प्रत्येक गांव से दो से तीन स्वयंसेवकों को जोड़कर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, ताकि भालू की गतिविधियों और उसकी मौजूदगी की सूचना तत्काल साझा हो सके।

ठंड के मौसम को देखते हुए अंधेरे स्थानों को भी चिह्नित किया जा रहा है। इन स्थानों पर सीएसपीडीसीएल के सहयोग से रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। बिना दरवाजे वाले घरों में लगेंगे टिन के दरवाजे-भालुओं द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए मकानों के मुआवजा प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को समय पर राहत मिल सके।

वन विभाग को जानकारी देने की अपील

वहीं, जिन घरों में दरवाजे नहीं हैं, वहां टिन के दरवाजे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। वन विभाग का जोर ग्रामीणों को जागरूक करने और किसी भी तरह की जनहानि रोकने पर है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि भालू की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही तत्काल वन विभाग को सूचना दें और उसके करीब जाने या उसे भगाने का प्रयास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!