पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने BJP को बताया झूठ की पाठशाला, राम मंदिर चंदे पर उठाए सवाल

रायपुर।  छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जारी राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा  सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों देश को सुनियोजित तरीके से लूट रहे हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद, किसानों को खाद की उपलब्धता, विकास गर्ग की गिरफ्तारी और भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।

‘भाजपा झूठ की पाठशाला, राम भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़’

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा झूठ की पाठशाला बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS देश को सुनियोजित तरीके से लूटने का काम कर रहे हैं और राम भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे का पैसा कहां गया। भगत ने दावा किया कि चंपत राय द्वारा 16 करोड़ रुपये का चंदा दिया गया था और उसके उपयोग का हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलने की डिग्री देने वाली यूनिवर्सिटी बन गई है।

खाद संकट पर सरकार को घेरा

राज्य में खाद की कमी को लेकर भी पूर्व मंत्री ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार थकी हुई नजर आ रही है और उसमें काम करने की इच्छाशक्ति नहीं बची है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है और सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं दे रहा। रोजगार गारंटी योजना के तहत भी अपेक्षित कार्य नजर नहीं आ रहे हैं।

विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज जैसे कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भी अमरजीत भगत ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार हो रहा है और छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य में कार्रवाई का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केवल जब्ती और गिरफ्तारी दिखाने से काम नहीं चलेगा। यदि मामले में कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है तो उसकी पूरी जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

राम प्रतिमा स्थापना को लेकर सरकार पर हमला

चंद्रखुरी (माता कौशल्या धाम) में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर भी अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार राम जी की प्रतिमा तक नहीं लगवा पा रही और राम के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “मुंह में राम, बगल में छुरी” वाली स्थिति है। राम सबके हैं, इसलिए उनके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। भगत ने कहा कि जो भी राम जी के नाम पर आए धन का दुरुपयोग करेगा, उससे एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने ऐसे लोगों को ‘कालनेमि’ बताते हुए कहा कि राम का नाम लेकर लाभ उठाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर बोले- फैसला हाईकमान करेगा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल पूरा होने के सवाल पर अमरजीत भगत ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई बुलावा नहीं आया है।

भगत ने कहा कि सरगुजा और बस्तर दोनों आदिवासी संभाग हैं और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उनका मानना है कि इसी संतुलन से कांग्रेस की सत्ता में वापसी का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि टी.एस. सिंहदेव (टीएस बाबा), चरणदास महंत और भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेता पार्टी के बड़े चेहरे हैं और हाईकमान जिसे उचित समझेगा, उसी की नियुक्ति करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!