शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी: कम समय में ज्यादा मुनाफा का झांसा देकर लगाया चूना, जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वेल्थ ट्रेकर कंपनी के संचालक पर 25 लाख की ठगी करने का आरोप लगा है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि कलेक्ट्रेट के पास ‘वेल्थ ट्रेकर’ नाम से कंपनी संचालित करने वाले विक्रम सिंह शाह ने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद प्रार्थी से अलग-अलग किस्तों में 25 लाख रुपये लिए गए।

वापस नहीं मिली रकम

आरोप है कि रकम लेने के बाद जब प्रार्थी ने अपने निवेश की राशि और कथित मुनाफे की मांग की, तो उसे रकम वापस नहीं मिली। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच जारी

शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंपनी से जुड़े लेन-देन, निवेश संबंधी दस्तावेज और रकम के ट्रांजेक्शन की जांच कर सकती है।

करोड़ों के ठगी की आशंका

वहीं, इस मामले में कथित तौर पर करोड़ों रुपये के लेन-देन और अन्य निवेशकों से भी रकम लिए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कुल कितनी रकम की ठगी हुई है और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!