जांजगीर चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त की है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने उसे शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफे और रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।

दंपति की बातों में आकर प्रार्थी समेत अन्य लोगों ने चेक और RTGS के माध्यम से कुल 2,04,97,502 आरोपियों के बैंक खातों में जमा करा दिए। शुरुआत में विश्वास जीतने और टालमटोल करने के लिए आरोपियों ने महज 39,99,400 वापस किए, लेकिन बाकी रुपये लौटाने से लगातार मना करते रहे और आखिर में पूरी राशि का गबन कर लिया।
तकनीकी इनपुट से नया रायपुर में दबिश
मामला दर्ज होने की भनक लगते ही दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जब्त सामग्री:
- लैपटॉप
- टैबलेट
- मोबाइल फोन
- बैंक चेकबुक

