फ्रूटी में मिली फंगस, पीने से बिगड़ी बच्ची की तबीयत, खाद्य विभाग ने लिए सैंपल

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्ची के फ्रूटी के अंदर फंगस जैसी चीज मिली। इसके बाद बच्ची को एहतियात के तौर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इधर खाद्य विभाग की टीम ने जनरल स्टोर से फ्रूटी की जांच के लिए सैम्पल लिए हैं।

फ्रूटी पीते ही नजर आई संदिग्ध चीज

मिली जानकारी के अनुसार, मगरलोड के करेलीबड़ी में रहने वाली एक बच्ची ने पास ही के एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। जब वह घर जाकर उसे पी रही थी, तभी अचानक परिजनों की नजर जूस के डिब्बे के अंदर गई। डिब्बे के भीतर कोई अनजान वस्तु या कीड़े जैसी चीज तैरती हुई नजर आई। इसे देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। एहतियात के तौर पर परिजन तुरंत बच्ची को लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

हरकत में आया खाद्य विभाग, लिए गए सैंपल

इस पूरी घटना की भनक लगते ही खाद्य विभाग की टीम तुरंत एक्शन मोड में आ गई। अधिकारियों ने तत्काल उक्त जनरल स्टोर पर छापेमारी की और संबंधित फ्रूटी के बैच के सैंपल जब्त किए। विभाग अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रहा है कि यह माल किस होलसेल दुकान या डीलर के माध्यम से इस रिटेल दुकान तक पहुंचा था।

खड़े हो रहे कई सवाल

अब इस पूरी घटना के बाद यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि धमतरी में अब ब्रांडेड कंपनी के नाम पर क्या नकली खाद्य वस्तुएं मिल रही हैं? या फिर फ्रूटी को खपाने वाले रिटेलर ईसका सही से रखरखाव नहीं करते और एक्सपायरी माल बाजार में खपा रहे रहें हैं और आखिर खाद्य विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं है?

सामने आया खाद्य विभाग का बयान

बहरहाल इस पूरे मामले पर खाद्य विभाग का भी बयान सामने आया है। विभाग का कहना है कि उक्त फ्रूटी में फंगल जैसी चीज पाई गई है, जिसकी सैंपल की जांच की जाएगी और आगे हम रिटेलर की जांच करेंगे कि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!