पत्नी के मायके जाने से नाराज पति हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, घंटो तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

बलरामपुर। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के लोधी गांव में शनिवार को एक युवक की हरकत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पत्नी के मायके चले जाने से नाराज युवक गुस्से में गांव के बाहर स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।

नशे की हालत में टावर पर चढ़ा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शराब के नशे में था और पत्नी के मायके जाने से बेहद नाराज था। गुस्से में वह सीधे ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। टावर पर पहुंचकर वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए पत्नी को तुरंत वापस बुलाने की जिद करने लगा। उसे इस हालत में देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस और स्वजन की समझाइश से टला हादसा

घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक के स्वजन भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया। करीब आधे घंटे तक लगातार समझाइश और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। इस दौरान ग्रामीणों की चिंता इस बात को लेकर बनी रही कि कहीं युवक का पैर फिसल न जाए या वह करंट प्रवाहित तारों के संपर्क में न आ जाए।

सुरक्षित नीचे उतरने पर सभी ने ली राहत की सांस

लगातार समझाने और स्वजन के आश्वासन के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। उसके नीचे आते ही पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार युवक को समझाकर उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!