रायपुर। स्कूल में अनुशासन के नाम पर छात्र के बालों की चोटी बनाने और कैंची से काटने के मामले में पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। छात्र के स्वजन की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने जांच कराई थी।
रिपोर्ट में छात्र को मानसिक संताप और शारीरिक असुविधा पहुंचाए जाने का उल्लेख है। इसके आधार पर गोबरा नवापारा पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
चौथी कक्षा का छात्र
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता का बेटा घटना के समय चौथी कक्षा में पढ़ता था। शिकायत में आरोप है कि 15 अक्टूबर 2025 को स्कूल में अनुशासन के नाम पर उसके लंबे बालों की चोटी बनाई गई और कैंची से बाल काटे गए। इसके बाद बच्चा स्कूल जाने से कतराने लगा।
मनोचिकित्सक की रिपोर्ट में परेशानी का उल्लेख
शिक्षा विभाग के निर्देश पर गठित दो प्राचार्यों के जांच दल ने 31 जुलाई 2026 को स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र, उसके माता-पिता, प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों के बयान दर्ज किए गए। जांच में धन्वंतरी अस्पताल, रायपुर की पांच जून 2026 की चिकित्सकीय रिपोर्ट का भी परीक्षण किया गया। रिपोर्ट में छात्र को नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने से डरने जैसी समस्याएं होने का उल्लेख है। छात्र ने गृहकार्य अधूरा होने पर गणित शिक्षक अजय कुमार देवांगन द्वारा कान मरोड़ने का आरोप भी लगाया।
शिक्षकों ने शारीरिक दंड देने से किया इन्कार
जांच के दौरान प्राचार्य ने अनुशासन बनाए रखने के लिए बच्चों के बाल व्यवस्थित कराने की बात स्वीकार की। वहीं, गणित शिक्षक ने शारीरिक दंड देने से इन्कार किया। जांच रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद छात्र की स्कूल में उपस्थिति अनियमित हो गई और अप्रैल 2026 से उसे दूसरे स्कूल में दाखिला दिलाया गया। जांच दल ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों को भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं करने की चेतावनी देने की अनुशंसा की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

