नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर ज्वेलर्स से 3.90 लाख ठगे, वॉट्सएप ग्रुप के मैसेज से खुला राज

 रायपुर। उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव स्थित ज्वेलर्स दुकान में नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर तीन लाख 90 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में सोने जैसे जेवर दुकान में गिरवी रखे और उसके बदले नकद रकम ले ली।

उसके बाद में जेवर नकली निकलने पर ज्वेलर्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उरला पुलिस ने मनीष देवांगन, दामिनी सुमन और राजेश अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और सामूहिक रूप से अपराध करने की धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार शैलेन्द्र नगर निवासी वैभव सोनी की बीरगांव मेन रोड पर वैभव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक 16 अगस्त को मनीष देवांगन दुकान पहुंचा और 4.080 ग्राम वजन की सोने जैसी अंगूठी गिरवी रखकर 40 हजार रुपये लिए। इसके अगले दिन 17 अगस्त को वह चार पीस सोने जैसे कंगन लेकर पहुंचा। इनका वजन 19.860 ग्राम बताया गया और इन्हें गिरवी रखकर 1 लाख 90 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद एक सितंबर को दामिनी सुमन और राजेश अग्रवाल दुकान पहुंचे। दामिनी ने दो पीस सोने जैसे कंगन गिरवी रखे। 17.820 ग्राम वजन के इन जेवरों के बदले एक लाख 60 हजार रुपये लिए गए। इस तरह तीनों ने कुल तीन लाख 90 हजार रुपये प्राप्त किए।

मामले का राजफाश तब हुआ, जब पांच अक्टूबर को छत्तीसगढ़ सराफा कारोबारियों के वाट्सएप ग्रुप में नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर रकम लेने वाले लोगों को लेकर संदेश प्रसारित हुआ। इसके बाद वैभव सोनी ने अपनी दुकान में गिरवी रखे जेवरों की जांच कराने का फैसला किया। रायपुर सदर बाजार स्थित विजय टंच में जांच कराने पर सभी जेवर नकली पाए गए। इसके बाद ज्वेलर्स ने तीनों आरोपियों के खिलाफ उरला थाने में लिखित शिकायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!