सहकारी समिति में बड़ा फर्जीवाड़ा; कंप्यूटर ऑपरेटर ने 42 किसानों के नाम पर जारी किए फर्जी केसीसी चेक

दुर्ग। सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा समिति प्रबंधक की जानकारी के बिना उनकी सील का उपयोग कर 42 किसानों के नाम पर फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) चेक जारी करने का मामला सामने आया है। इसके अलावा एक अन्य किसान को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए भी कथित रूप से कूटरचित चेक जारी किया गया था।

मामले में रानीतराई पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

सील का उपयोग कर जारी किए 42 फर्जी चेक

पुलिस के अनुसार, ग्राम बोरेंदा निवासी महेंद्र चक्रधारी (31) ने 18 नवंबर को वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ थाना रानीतराई पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पुरानिक साहू सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ था।

आरोप है कि उसने 24 अप्रैल 2026 को समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की जानकारी और अनुमति के बिना कार्यालय के दराज में रखी उनकी सील का उपयोग किया। इसके बाद सील के ऊपर अपने हस्ताक्षर कर 42 किसानों के नाम पर केसीसी के फर्जी चेक जारी कर दिए। इसी तरह 25 जून 2026 को जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को भी निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी करने का आरोप है।

नोटिस के जवाब में स्वीकारी गलती

मामले की जानकारी मिलने पर तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित सूचना दी थी। ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों से ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत की थी। जांच के दौरान पुरानिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

शिकायत के अनुसार, नोटिस के जवाब में उसने 42 किसानों के केसीसी चेकों पर अपने हस्ताक्षर करने तथा शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद सहकारिता विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर बोर्ड की बैठक आयोजित कर उसे उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया।

एफआईआर दर्ज, दस्तावेजों की जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सहकारिता सतीश पाटले ने 17 नवंबर को पुलिस में एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद महेंद्र चक्रधारी की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और चेकों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!