जगदलपुर। साय सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का गलत तरीके से फायदा उठाने का मामला बस्तर जिले में सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जांच के बाद जिले में 5925 महिला हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए हैं। इनमें 2 हजार ऐसे हितग्राही हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, जबकि बाकी महिलाओं के दस्तावेज गड़बड़ पाए गए या वे सरकारी सेवा में रहते हुए भी योजना का लाभ ले रही थीं। वहीं अब तक 5600 हितग्राहियों ने अपना ekyc नहीं कराया है, इनके भी नाम जल्द कट सकते हैं।
विभाग का कहना है कि कई मामलों में मृत्यु की जानकारी देर से मिलने के कारण राशि जारी हो गई थी, जिसे अब रिकवरी किया जा रहा है। मृतक हितग्राहियों को सूची से हटाया गया है, जबकि अपात्र हितग्राहियों को होल्ड में डाल दिया गया है। इनसे अब तक 5 लाख 80 हजार 800 रुपए की रिकवरी भी की गई है।

योजना के तहत राज्य सरकार महिला हितग्राहियों को हर महीने एक हजार रुपए डीबीटी के जरिए बैंक खातों में देती है। वहीं बस्तर जिले में अब तक 5600 हितग्राहियों ने अपना ekyc भी नहीं कराया है। ऐसे में इन हितग्राहियों के नाम भी सूची से काटे जा सकते हैं। विभाग ने ekyc नहीं कराने वाले हितग्राहियों का वेरिफिकेशन तेज कर दिया है। बता दें कि योजना शुरू होने के पहले महीने में जिले की करीब 1 लाख 94 हजार महिलाओं को पहली किस्त दी गई थी।

