बिलकिस बानो गैंगरेप-मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, दो दोषियों की उम्रकैद की सजा पर लगाई रोक

बिलकिस बानो गैंगरेप और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। सर्वोच्च अदालत ने दोनों दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी है और उन्हें जमानत दे दी है। दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। अदालत ने जेल की अवधि और एक दोषी की गंभीर शारीरिक दिव्यांगता को राहत देने का आधार माना।

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने यह आदेश पारित किया। इन याचिकाओं में बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के उस फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें दोनों की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी।

बार एंड बेंच में छपि रिपोर्ट के अनुसार, पीठ ने कहा कि अपील में तथ्यों और कानून दोनों से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सुनवाई की जरूरत है। अदालत ने कहा, ‘दोनों अपीलकर्ता 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं। इनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग भी है। अपील में तथ्यों और कानून, दोनों के स्तर पर विचार किए जाने वाले मुद्दे हैं।’

गुजरात सरकार की रिहाई का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने किया था रद्द

दोनों दोषी उन 11 लोगों में शामिल हैं, जिन्हें गुजरात सरकार ने अगस्त 2022 में समय से पहले रिहा कर दिया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2024 में इस सामूहिक रिहाई के फैसले को रद्द कर दिया था। इसके बाद सभी दोषियों को दोबारा जेल जाना पड़ा था।

17 साल से अधिक जेल में रहे

दोषियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने अदालत में दलील दी कि दोनों 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एक आरोपी का नाम एफआईआर में नहीं था और घटना के करीब तीन साल बाद उसे इस मामले में आरोपी बनाया गया। अदालत को यह भी बताया गया कि दोनों में से एक आरोपी गंभीर रूप से दिव्यांग है। वहीं, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे ने जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि निचली अदालत और हाईकोर्ट दोनों ही मामले के सभी प्रासंगिक साक्ष्यों पर विचार कर चुके हैं। अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषियों को राहत नहीं दी जानी चाहिए।

क्या है बिलकिस बानो गैंगरेप-मर्डर केस ?

बिलकिस बानो केस भारत के सबसे चर्चित और न्याय की लंबी कानूनी लड़ाई से जुड़े मामलों में से एक है। यह मामला साल 2002 के गुजरात दंगों के दौरान हुई एक अत्यंत क्रूर घटना से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, 3 मार्च 2002 को गुजरात के दाहोद जिले के रंधिकपुर गांव में दंगों के दौरान, 21 साल की बिलकिस बानो (जो 5 महीने की गर्भवती थीं) के साथ सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) किया गया था। भीड़ ने उनकी 3 साल की बेटी सहित परिवार के 7 सदस्यों की हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!