मां से विवाद का हिसाब मांगने पर युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलसो में मां से हुए पुराने विवाद का हिसाब मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। रिश्तेदारों को उलाहना देने पर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक अपने घर की ओर भागा, तो हमलावर भी टंगिया और सब्बल लेकर उसके पीछे दौड़े और घर में घुस गए। वहां युवक के साथ मारपीट करने के साथ ही बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां और भाई को भी बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

दीवाली से पहले हुआ था विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम जलसो निवासी शनिराज गोड किसान है। दीवाली से पहले वह काम करने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसके रिश्तेदार शिव उईके, सुनीता उईके और अन्य लोग घर पहुंचे थे, जहां उसकी मां रूपा के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। मां ने उस समय रिश्तेदारों को डांटा था और बाद में बेटे शनिराज को इसकी जानकारी दी थी। तब शनिराज ने मां से कहा था कि गांव लौटने पर वह इस बारे में रिश्तेदारों से बात करेगा।

रास्ते में पूछने पर भड़के आरोपी

शनिराज के मुताबिक, 27 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह जलसो डैम की तरफ से लौट रहा था। रास्ते में उसका सामना शिव उईके, सुनीता उईके, सतीश उईके, शिवम उईके और अन्य लोगों से हो गया। शनिराज ने उनसे पूछ लिया कि उनकी गैरमौजूदगी में मां से विवाद क्यों करते हैं। यह सवाल सुनते ही सभी आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए।

सिर पर किए कुल्हाड़ी से वार

पीड़ित ने बताया कि सभी आरोपी पास की झोपड़ी से टंगिया और सब्बल उठाकर शनिराज की तरफ दौड़े। हथियार देखकर शनिराज जान बचाने के लिए घर की ओर भागा, लेकिन शिव उईके ने पीछे से उसके सिर पर टंगिया से वार कर दिया। सिर पकड़कर शनिराज किसी तरह घर के अंदर घुसा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए।

मां-भाई को पीटा और की तोड़फोड़

घर में घुसकर आरोपियों ने शनिराज के साथ फिर मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई मां रूपा और भाई पर भी हमला किया। इससे मां के सिर, कनपटी और कंधे में गंभीर घाव हो गए, जबकि भाई हरीशराज गोड के पैर, सीने और कनपटी में भी गहरे जख्म आए। जाते-जाते हमलावरों ने घर में रखे टीवी, अलमारी और अन्य सामान में भी जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित की शिकायत पर तिल्दा नेवरा पुलिस ने नामजद आरोपियों व अन्य के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!